March 5, 2026 1:24 am

एसवीएन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार ने मनाया अपना 37वाँ वार्षिक पुरस्कार वितरण दिवस

[adsforwp id="60"]


कुनिहार
एस.वी.एन. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार में विद्यालय का 37वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण में विद्यालय परिसर में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह के अवसर पर पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ईशानी शर्मा, सिविल जज कम ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अर्की ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में के.के. यादव, प्रधानाचार्य पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार उपस्थित रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता मानद अतिथि राजकुमार शर्मा, डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर कुनिहार ने की।

विद्यालय के चेयरमैन टी.सी. गर्ग, निदेशक लूपिन गर्ग, पद्मनाभम तथा हेमंत शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर चेयरमैन टी.सी. गर्ग ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और अभिभावकों में गर्व की झलक साफ दिखाई दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य, लोकनृत्य, समूहगान एवं लघु नाटिकाओं ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

मुख्य अतिथि ईशानी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पंजाब, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली, जो विद्यार्थियों की प्रतिभा और विविधता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के पूरे वर्ष के कठिन परिश्रम का उत्सव है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को केवल तेज़ दिमाग ही नहीं, बल्कि संवेदनशील हृदय वाले नागरिकों की भी आवश्यकता है—शिक्षा व्यक्ति को ऊँचे पदों तक पहुँचा सकती है, लेकिन करुणा उसे महान इंसान बनाती है।

मुख्य अतिथि ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के दबाव में गलत राह न चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और नशा इस भविष्य को अंधकार की ओर ले जाता है। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, धैर्य और स्वयं से प्रतिस्पर्धा करने का संदेश दिया।

अंत में मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी तथा अन्य विद्यार्थियों को निराश न होने का संदेश देते हुए इसे नई शुरुआत का संकेत बताया। समारोह के समापन पर विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य एवं विद्यार्थियों की सफलता की कामना की गई तथा सभी को नववर्ष की शुभकामनाएँ दी गईं।

वर्षभर की उपलब्धियों के लिए कनिया तंवर, सौरव, कृतिका, ऋक्स ठाकुर, अंचल, आदित्य, मानसी सिंह, ऐश्वर्या, सृष्टि, दिशा शर्मा, सजल, ठाकुर, ज्योति, वेदिका, जतिन गौरव, दिव्यांश, आयुष गुप्ता, अलीशा सहित अनेक विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में टी.सी. गर्ग, लूपिन गर्ग, पुष्पा गर्ग, सोना गर्ग, पद्मनाभम, सिमरन खान, कांति लाल, पुरुषोत्तम शर्मा, हेमंत शर्मा, सत्या कंवर सहित विद्यालय स्टाफ एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply