ग्राम पंचायत रौडी के गांव बागा महिला मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक मुख्य सलाहकार वीना ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गांव की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर महिलाओं में विभागीय अनदेखी के कारण भारी रोष देखने को मिला। बैठक में बताया गया कि नौणी–बागा सड़क का कार्य पिछले दो वर्षों से पूरी तरह बंद पड़ा है। सड़क की मरम्मत न होने के कारण जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही अत्यंत कठिन हो गई है। महिलाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर विधायक संजय अवस्थी द्वारा लिखित एवं दूरभाष के माध्यम से संबंधित विभाग को कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इसी प्रकार विधायक संजय अवस्थी द्वारा गांव के सामुदायिक भवन की मरम्मत के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की गई थी, लेकिन विकास खंड कुनिहार की अनदेखी के चलते अभी तक यह राशि भवन को प्राप्त नहीं हो सकी है। महिला मंडल ने इस संबंध में विभाग को लिखित रूप से अवगत करवाया है। साथ ही सामुदायिक भवन का निरीक्षण ग्राम पंचायत प्रधान एवं वार्ड सदस्य द्वारा भी किया गया तथा इस विषय में विकास खंड अधिकारी कुनिहार को भी जानकारी दी गई।
महिला मंडल ने बताया कि यह सामुदायिक भवन लगभग 30–35 वर्ष पुराना है और इसकी कंप्लीशन रिपोर्ट के बारे में भी विभाग को अवगत करवाया जा चुका है, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके पश्चात बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर मीरा, प्रेम लता, सुनीता, प्रवीना, वीना, मधु, मीना ठाकुर, विद्या, रीता, अनिता, शंकुतला, रेखा, रीता, मोनिका, हेमा, उर्मिला, निर्मला, कांता, रजनी, शीला, सीता, राम प्यारी, सहित अन्य मौजूद रहे।




