March 5, 2026 3:46 pm

राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बड़ोग के विद्यार्थियों के लिए प्री-वोकेशनल एक्सपोज़र विजिट का किया गया आयोजन।

[adsforwp id="60"]

दाड़लाघाट,

राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बड़ोग के विद्यार्थियों के लिए प्री-वोकेशनल एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने पर्यटन एवं अतिथि सत्कार (टूरिज़्म एंड हॉस्पिटैलिटी) विषय की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बाड़ी धार का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बिंदुओं, धार्मिक पर्यटन के महत्व तथा हिमाचल प्रदेश में पर्यटन से जुड़े रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। यह जानकारी विद्यार्थियों को भविष्य में विषय चयन एवं करियर निर्धारण में सहायक सिद्ध होगी।
विद्यालय के अध्यापक मनोज कुमार, हेमराज तथा कमलेश कुमारी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को ध्यानपूर्वक सुना और पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से संबंधित उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को बाड़ी धार स्थित प्रसिद्ध होटल एकांत का भ्रमण करवाया गया, जहां होटल प्रबंधन द्वारा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं एवं कार्य प्रणाली की विस्तृत जानकारी अत्यंत रोचक एवं प्रेरणादायक तरीके से दी गई। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस प्रक्रिया को समझा। विद्यालय के प्रधानाचार्य पीसी बट्टू ने होटल प्रबंधन तथा विशेष रूप से होटल के मालिक संत राम कौंडल का विद्यार्थियों के लिए विशेष समय देने एवं पौष्टिक स्नैक्स से सत्कार करने के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने अपनी रिपोर्ट में इस भ्रमण को अत्यंत उपयोगी और महत्वपूर्ण बताया। छात्र चेतना, याचना, सारिका, गौरीका, मनन, आदित्य, दीक्षान्त सहित अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि यह भ्रमण उनके करियर निर्णय में सहायक सिद्ध होगा। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव प्रातःकालीन सभा में सभी के साथ साझा किए। प्रधानाचार्य पीसी बट्टू ने विद्यार्थियों के अनुशासन एवं अध्यापकों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद किया तथा विद्यार्थियों को शेष शैक्षणिक सत्र में गुणवत्ता पूर्ण तैयारी कर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply