राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सत श्री बाडु बाड़ा पब्लिक स्कूल भलग में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 9 जनवरी को विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदिरा शर्मा की अध्यक्षता में की गई। इस अवसर पर विद्यालय के नोडल अधिकारी हरिलाल ने बच्चों, अध्यापकों मीरा, डिंपल, पुष्पा, नम्रता तथा शिक्षा समिति के सदस्यों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। इसके उपरांत 22 जनवरी को विद्यालय में बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने ट्रैफिक सिग्नल एवं सड़क सुरक्षा नियमों को अपनी चित्रकला के माध्यम से दर्शाया। इस प्रतियोगिता में सातवीं कक्षा की छात्रा आरोही ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 23 जनवरी को विद्यालय में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सड़क सुरक्षा से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। वहीं 24 जनवरी को निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं सड़क सुरक्षा पैदल यात्रा करवाई गई। इस दौरान बच्चों को पैदल चलते समय बाईं ओर चलने तथा सड़क पार करने के सही तरीकों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। इसके अलावा 29 व 30 जनवरी को विद्यालय के नोडल अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, मोटर वाहन अधिनियम तथा इससे जुड़े अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है। सड़क सुरक्षा माह के सफल आयोजन से बच्चों, अध्यापकों एवं अभिभावकों में सकारात्मक संदेश गया।





