ग्राम पंचायत धुंदन की रहने वाली होनहार बेटी आरती चंदेल ने वाणिज्य (कॉमर्स) विषय में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा एवं कनिष्ठ शोध अध्येता परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र, गांव और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल बना हुआ है। आरती चंदेल के पिता तिलक राज एवं माता कला देवी बेटी की इस सफलता पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। आरती ने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन से प्राप्त की तथा वर्ष 2017–18 सत्र में अपनी स्कूली शिक्षा सफलतापूर्वक पूर्ण की। ग्रामीण परिवेश में रहकर कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर अध्ययन के बल पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत प्रशंसनीय है। आरती की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण परिवेश की बेटियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है।
आरती चंदेल की इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों एवं गांववासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




