March 5, 2026 1:12 pm

6वां राष्ट्रीय बाल परिषद कार्यक्रम सलाम मुंबई फाउंडेशन मुंबई के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न

[adsforwp id="60"]

6वां राष्ट्रीय बाल परिषद कार्यक्रम सलाम मुंबई फाउंडेशन मुंबई के तकनीकी मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राष्ट्रीय बाल परिषद का मुख्य उद्देश्य बाल्यकाल से ही विद्यार्थियों में तंबाकू-जन्य पदार्थों के सेवन से होने वाली बीमारियों तथा शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। इस ऑनलाइन मंच का संचालन राजकीय वरिष्ठ उच्च माध्यमिक विद्यालय धुन्दन की स्नेहा तथा राजकीय वरिष्ठ उच्च माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट के हार्दिक बंसल ने सफलतापूर्वक किया। राष्ट्रीय बाल परिषद में हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल सहित 10 से अधिक राज्यों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल के माध्यम से भी किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारीगण, शिक्षा विभाग एवं खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सहयोगी संस्था अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट ने गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दो विद्यार्थियों का चयन किया। स्नेहा एवं हार्दिक बंसल को पूर्व में प्रशिक्षण प्रदान किया गया था, जिसके उपरांत उन्होंने कार्यक्रम का संचालन कुशलतापूर्वक किया। इस आयोजन को सफल बनाने में राजकीय वरिष्ठ उच्च माध्यमिक विद्यालय धुन्दन एवं राजकीय वरिष्ठ उच्च माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। राष्ट्रीय बाल परिषद कार्यक्रम विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां वे तंबाकू मुक्त स्वस्थ विद्यालय कार्यक्रम की रूपरेखा एवं अवधारणा को समझते हैं और विभिन्न राज्यों के विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हैं। सलाम मुंबई फाउंडेशन मुंबई इस कार्यक्रम में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करती है, जबकि स्वयंसेवी एवं सामाजिक विकास संस्थाएं विद्यालयों में जन-जागरूकता कार्यक्रम, लेखन गतिविधियां, चित्रकला प्रतियोगिताएं, रैलियां तथा मौखिक स्वास्थ्य जांच जैसे कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को तंबाकू मुक्त स्वस्थ विद्यालय का वातावरण विकसित करने में सहयोग प्रदान करती हैं।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत सरकार को भी सुझाव प्रस्तुत किए जाते हैं, जिससे विद्यालयों को तंबाकू मुक्त घोषित कर विद्यार्थियों को एक समग्र, सुरक्षित एवं ज्ञानवर्धक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।कार्यक्रम को दिशा-निर्देश सलाम मुंबई फाउंडेशन के दीपक पाटिल द्वारा दिए गए, जबकि स्वास्थ्य परियोजना कार्यक्रम समन्वयक अजीत कुमार सिंह, अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट ने सभी शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए तंबाकू मुक्त विद्यालय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply