दाड़लाघाट की ग्राम पंचायत चाखड़ स्थित देवता बाडुबाड़ा विकास समिति कांगरीधार द्वारा आयोजित देवता श्री बाडुबाड़ा कांगरीधार की पावन रथ यात्रा की तैयारियों के तहत सोमवार से मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना शुरू कर दी गई है। मंदिर कमेटी के अनुसार कल मंगलवार को देवता श्री बाडुबाड़ा कांगरीधार रथ में विराजमान होंगे, जबकि बुधवार से देवता जी भक्तों के घरों में जात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान देवता जी लगभग छह महीनों तक सोलन जिला सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास करेंगे और श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि व निरोगी जीवन का आशीर्वाद प्रदान करेंगे। मंदिर कमेटी के सचिव परस राम ठाकुर ने बताया कि देवता बाडुबाड़ा कांगरीधार के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और श्रद्धालुओं का विश्वास है कि देवता उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।





