February 26, 2026 5:07 am

जयनगर कॉलेज बंदी के प्रस्ताव के खिलाफ आम आदमी पार्टी का जोरदार विरोध, एसडीएम अर्की को सौंपा ज्ञापन

[adsforwp id="60"]


अर्की
आज आम आदमी पार्टी अर्की इकाई द्वारा जयनगर कॉलेज को बंद करने के लिए सरकार में प्रस्ताव लाने की सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के विरोध में उप-मंडल अधिकारी अर्की को ज्ञापन सौंपा गया। इस विरोध कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता, जयनगर कॉलेज के विद्यार्थी, स्थानीय लोग तथा क्षेत्र के बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने आम आदमी पार्टी के बैनर तले शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद की।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि जयनगर कॉलेज वर्ष 2017–18 से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और कॉलेज खुलने के समय विद्यार्थियों की संख्या 100 से अधिक थी। यह कॉलेज दूरदराज क्षेत्र के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा का एकमात्र मजबूत सहारा है। इसे बंद करने का कोई भी प्रस्ताव शिक्षा विरोधी कदम होगा, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा।
पार्टी प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए ज्ञापन को एसडीएम साहब ने गंभीरता से सुना और इस विषय में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। एसडीएम साहब ने पार्टी, स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों/बच्चों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों और सरकार तक उचित माध्यम से पहुँचाया जाएगा।
पार्टी नेताओं ने बताया कि फिलहाल कॉलेज बंद करने संबंधी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, परंतु सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसी सूचनाएं सामने आई हैं कि सरकार इस प्रस्ताव को कैबिनेट में लाने पर विचार कर रही है। आम आदमी पार्टी ने एसडीएम साहब के माध्यम से सरकार से मांग की कि ऐसा कोई भी प्रस्ताव कैबिनेट में न लाया जाए और जयनगर कॉलेज को पूर्ण रूप से संचालित रखा जाए।
कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों और बच्चों ने एक स्वर में कॉलेज बंद करने के किसी भी फैसले का विरोध किया और कहा कि शिक्षा के अधिकार से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में कोई कदम उठाया तो पार्टी जन आंदोलन तेज करेगी।

Leave a Reply

Advertisement