आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश की ओर से प्रदेश प्रवक्ता अशोक चंदेल ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत तथा हिमाचल सरकार की हिकेयर स्कीम में सामने आ रहे कथित घोटालों को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
अशोक चंदेल ने कहा कि आयुष्मान भारत और हिम केयर जैसी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का उद्देश्य गरीब, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों को कैशलेस इलाज उपलब्ध कराना है। हिमाचल प्रदेश में इन योजनाओं के तहत इलाज और पंजीकरण के मामले में रिकॉर्ड बनाए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद यदि फर्जी बिलिंग, बिना इलाज के क्लेम और मरीजों के नाम पर गड़बड़ियां सामने आती हैं, तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इन दोनों योजनाओं के तहत हुए सभी क्लेम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी मांग करती है कि
आयुष्मान भारत व हिम केयर योजनाओं के सभी क्लेम की स्वतंत्र ऑडिट करवाई जाए।
जिन अस्पतालों पर फर्जीवाड़े के आरोप हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख़्त कार्रवाई हो।
दोषी अधिकारियों व अस्पताल प्रबंधन को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
हिमाचल में बनाए गए रिकॉर्ड की स्वतंत्र सत्यापन प्रक्रिया करवाई जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंचा या नहीं।
भविष्य में घोटालों को रोकने के लिए रियल-टाइम क्लेम वेरिफिकेशन, बायोमेट्रिक एंट्री और सख़्त मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाए।
अशोक चंदेल ने कहा कि आम आदमी पार्टी गरीबों और जरूरतमंदों के हक़ की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। जनता के टैक्स के पैसे से चलने वाली इन योजनाओं में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी प्रदेशभर में इस मुद्दे को मजबूती से उठाकर दोषियों को सज़ा दिलाने की मांग करेगी।





