डी.ए.वी. अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में बाल दिवस के अवसर पर कक्षा नर्सरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अदानी ग्रुप के यूनिट हेड संदीप सीरह मुख्य अतिथि रहे, जबकि मानव संसाधन के अध्यक्ष दिग्विजय शर्मा और वित प्रमुख रमन गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि व्यायाम और योग न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन जैसे जीवन मूल्यों को भी मज़बूत करते हैं। समारोह की शुरुआत मार्च-पास्ट, मशाल प्रज्ज्वलन और शपथ ग्रहण से हुई। इसके बाद विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उम्दा खेल भावना और टीम वर्क का परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में मार्च-पास्ट, योगा प्रदर्शन, रिंग ड्रिल, अब्रेला ड्रिल और ऐरोबिक्स शामिल रहे, जिनसे विद्यालय परिसर उत्साह से गूंज उठा। अभिभावकों के लिए भी म्यूज़िकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजयी अभिभावकों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि संदीप सीरह ने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ खेल में भाग लेने और हार-जीत दोनों को सामान्य रूप से स्वीकार करने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि दिग्विजय शर्मा ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों को असफलता से घबराए बिना लगातार प्रयास करते रहने का संदेश दिया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जबकि पूरे समारोह के दौरान परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा और दर्शक लगातार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते रहे। इस अवसर पर एल.एम.सी. के अध्यक्ष एवं सी.एम.ओ. (नॉर्थ) ए.सी.एल. मुकेश सक्सेना ने भी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों से मिली सीख को जीवन के हर क्षेत्र में अपनाने और निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।





