कुनिहार:
बी.एल. सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में कुल 145 एनसीसी कैडेटों ने एनसीसी ‘A’ प्रमाण-पत्र परीक्षा में भाग लिया। इस परीक्षा का आयोजन प्रथम हिमाचल प्रदेश छात्र वाहिनी, सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया।
जानकारी देते हुए एनसीसी अधिकारी अमर देव ने बताया कि इस परीक्षा में बी.एल. स्कूल कुनिहार, जवाहर नवोदय विद्यालय बनिया देवी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमती, राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग के द्वितीय वर्ष के लगभग 145 एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया। परीक्षा विद्यालय परिसर में अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
एनसीसी प्रभारी एनसीसी अधिकारी अमर देव ने परीक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एनसीसी ‘A’ प्रमाण-पत्र परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण होती है तथा यह परीक्षा वही कैडेट दे सकते हैं जिन्होंने एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (Annual Training Camp) में भाग लिया हो। यह परीक्षा कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करती है।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी अमर देव, चंद्र मणि, कमलेश कुमारी , योगेश कुमार पाठक, युधिष्ठर एवं रंजना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और परीक्षा संचालन में सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय अध्यक्ष ने सभी एनसीसी कैडेटों को परीक्षा में भाग लेने पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी ‘A’ प्रमाण-पत्र प्राप्त करने से विद्यार्थियों को भविष्य में सेना, पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों में करियर बनाने के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं।
परीक्षा का सफल संचालन प्रथम छात्र वाहिनी सोलन से आए नायब सूबेदार संजीव कुमार, हवलदार नरेंद्र तथा हवलदार अजाज़ अहमद की देखरेख में किया गया। परीक्षा के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया।
अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी एनसीसी अधिकारियों, स्टाफ सदस्यों एवं कैडेटों का आभार व्यक्त किया गया।





