अर्की आजतक
दाड़लाघाट
अंबुजा आईटीआई दाड़लाघाट में शुक्रवार को जीडीए प्रशिक्षुओं के लिए एक विशेष उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान दाड़ला बंसी राम भाटिया विशेष रूप से मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण उपलब्ध कराना और उनके कौशल विकास में सहायक बनाना था। कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया के स्वागत भाषण से हुई,जिसमें उन्होंने अंबुजा आईटीआई दाड़लाघाट के छात्रों की उपलब्धियों की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि ये उपकरण प्रशिक्षण के दौरान छात्रों की मदद करेंगे और उन्हें बेहतर तकनीकी कौशल सिखाने में सहायक होंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं को उपकरण वितरित किए गए और सभी ने मिलकर इस पहल की सराहना की। अंबुजा आईटीआई के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा और जीडीए ट्रेनर स्वाति गौतम ने पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया का आभार जताया। जीटीए ट्रेनर स्वाति ने बताया कि आने वाले समय में विभिन्न पंचायतों के साथ मिलकर गांव-गांव में हेल्थ एजुकेशन के कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे जिससे कि कम्युनिटी में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। प्रधान बंसी राम भाटिया ने इस विचार की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि वह इस कार्य में पूर्ण सहयोग देंगे।





