अर्की आजतक
अर्की
शहनाज
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी लम्बित पड़े मामलों को शीघ्र निपटाना सुनिश्चित करें ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके। संजय अवस्थी आज उपमण्डलाधिकारी (ना.) अर्की कार्यालय के सभागार में अर्की विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों की विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने क्षेत्र में विभिन्न विभागों के माध्यम से किए जा रहे सभी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है उनका कार्य शीघ्र पूरा करें तथा विकास कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट की मांग शीघ्र भेजना सुनिश्चित करें ताकि कार्य समयबद्ध पूर्ण हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्याेें का समय-समय पर निरीक्षण कर कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने कहा कि समय पर विकास कार्य पूर्ण होना लक्षित वर्गों के लिए लाभदायक है। इस दिशा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्धता और विभिन्न विभागों में आपसी समन्वय आवश्यक है ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी प्राकृतिक आपदा के दौरान आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सम्बन्धित अधिकारी सतर्क रहें और समय रहते तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान आवाजाही को सुचारू रखने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
संजय अवस्थी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल से जहां अर्की विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के स्तर में गुणवत्ता आएगी वहीं बच्चों को घर-द्वार पर उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त होगी।
उन्होंने बैठक में वित्त वर्ष 2023-24 व 2024-25 में बजट के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का ब्यौरा प्राप्त किया। उन्होंने उपमण्डलाधिकारी (ना.) अर्की को प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों में समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बरसात मौसम के दौरान आमजन को सुरक्षित रखने, मूलभूत सुविधाएं अविलम्ब प्रदान करने तथा आवागमन को सुचारू रखने के सम्बन्ध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सारगर्भित चर्चा की गई। अर्की विधानसभा क्षेत्र में भविष्य में होने वाले विकास कार्यों के बारे में भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग, प्रदेश विद्युत बोर्ड, हिमाचल पथ परिवहन निगम, राजस्व, कृषि व बागवानी विभाग, पशुपालन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
मुख्य संसदीय सचिव ने तदोपरांत ग्राम पंचायत जलाणा के राहु गांव में आयोजित वन महोत्सव में हरड़ का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रोपित पौधे ही भविष्य में पेड़ बनकर पर्यावरण संरक्षण में सहायक बनेंगे। उन्होंने सभी से पौधे रोपित कर पर्यावरण को संरक्षित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आग्रह किया।
वन महोत्सव के दौरान आंवला, दाढ़ुा, हरड़, बेहड़ा की प्रजाति के 70 पौधे रोपित किए गए।
ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, उपमण्डलाधिकारी (ना.) अर्की यादविंदर पाल, पुलिस उपाधीक्षक दाड़लाघाट संदीप शर्मा, वनमण्डलाधिकारी कुनिहार राजकुमार शर्मा, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार तनमय कंवर, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता शशि धीमान, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता देवेन्द्र कौंडल वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्की किशोरी भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।





