February 5, 2026 5:33 am

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अर्की विधानसभा क्षेत्र को अनेक विकासात्मक परियोजनाओं की दी सौगात

[adsforwp id="60"]

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार 4 अक्तूबर को अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान अर्की विधानसभा क्षेत्र को अनेक विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे नया बस अड्डा दाड़लाघाट (स्यार) पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, अर्की विधायक संजय अवस्थी और दून विधायक राम कुमार भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने एक ही स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंज्याट के परीक्षा हाल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बथालंग के भवन के द्वितीय चरण का लोकार्पण, अर्की स्थित कृषि प्रसार कार्यालय के आवासीय भवन और दाड़लाघाट उप कोषागार भवन, नाबार्ड के अंतर्गत मंज्याट–पट्टी देवरा–पपलोटा मार्ग, तथा जल शक्ति अनुभाग अर्की के अंतर्गत विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के सुधार व पुनः संयोजन कार्यों का लोकार्पण, गम्भर खड्ड से अर्की विधानसभा क्षेत्र की बस्तियों के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस थाना दाड़लाघाट के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया तथा उपमंडलीय पुलिस अधिकारी कार्यालय एवं आवास भवन की आधारशिला भी रखी। साथ ही उन्होंने डुमैहर में पशु चिकित्सालय भवन का शिलान्यास, अर्की शहर के जलापूर्ति सुधार कार्य की नींव रखी। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत सरयांज और मटेरनी के लिए वितरण प्रणाली के संवर्द्धन एवं सुधार कार्यों की आधारशिला रखी। दाड़लाघाट के नया बस अड्डा परिसर में आयोजित कामधेनु हितकारी मंच नम्होल के वार्षिक समारोह में मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य पशुपालन विभाग की दुग्ध प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत निजी दुग्ध समितियों से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को 3 रुपये प्रति लीटर दुग्ध उपदान वितरण की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने दुग्ध उत्पादकों एवं योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है ताकि हर वर्ग को उसका लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Recent News

Advertisement