डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में प्रोजेक्ट एक पहल के तहत विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन शैली अपनाने और सकारात्मक व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष एलएमसी एवं सीएमओ (नॉर्थ) एसीएल
मुकेश सक्सेना के सुझाव व मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में युवा वर्ग के बीच बढ़ रहे मादक पदार्थों के सेवन और उसके दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना था। विद्यालय के प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर, पर्यवेक्षक हरदीप सिंह तथा अन्य शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए परामर्श सत्र आयोजित किए गए, जिनमें नशे के दुष्परिणामों एवं इससे दूरी बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में दृश्य प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नशे से समाज और परिवार पर पड़ने वाले प्रभावों को भी प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इस अवसर पर मुकेश सक्सेना सहित विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की तथा ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने की अपील की, ताकि युवा पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़ते हुए देश के जिम्मेदार और श्रेष्ठ नागरिक बन सके।





