दाड़लाघाट क्षेत्र की निकटवर्ती बरायली पंचायत के तहत आने वाले गांव डवारु, ककेड़, श्मेली, स्तोटी व बुडम में इन दिनों तेंदुए की आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। बीते एक सप्ताह से तेंदुआ लगातार रिहायशी इलाकों के आसपास देखा जा रहा है, जिससे ग्रामीण सहमे हुए हैं।
गत दिनों गांव श्मेली में तेंदुआ एक कुत्ते को उठाकर ले गया। वहीं गांव डवारु के ग्रामीणों ने तेंदुए को साथ लगते खेतों में घूमते हुए देखा, जिसके बाद दहशत और बढ़ गई है। सुबह व शाम गांवों से दाड़ला की ओर पैदल आने-जाने वाले स्कूली बच्चों व राहगीरों को हर समय खतरे की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में ग्रामीणों पवन कुमार, मदन शर्मा, जयप्रकाश, वीरेंद्र शर्मा, अनंत राम, बली राम, काकू, जगदीश, चमन, ललित, कमलेश, विजय कुमार, मनु, संत राम, नरेश कुमार, देवू, सौरव, दिवेश, वीरेंद्र व रूप चंद ने बताया कि तेंदुए की लगातार सक्रियता से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उधर, वन क्षेत्र अधिकारी दाड़लाघाट सुदर्शन सिंह ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह-शाम अकेले बाहर निकलने से बचें, बच्चों को अकेले न भेजें और किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।





