February 17, 2026 12:02 pm

बाजार की नालियां बन्द,बारिश का पानी सड़कों पर

[adsforwp id="60"]

पंचायत धुन्दन के धुन्दन बाज़ार में बारिश होते ही हालात बद से बदतर हो जाते हैं। बाज़ार से सटी नालियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिस कारण बारिश का सारा पानी सड़क पर भर जाता है और भारी जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे आम लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि पैदल चलने के लिए भी रास्ता नहीं बचता, जबकि छोटी गाड़ियां पूरी तरह फँस जाती हैं। दोपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। विधायक अर्की को भी इस समस्या से अवगत करवाया गया है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। लोगों ने मांग की है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान आम जनता और स्कूली बच्चों को परेशानी न झेलनी पड़े। उधर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अर्की के सहायक अभियंता राजेश कुमार का कहना है कि धुन्दन बाज़ार क्षेत्र में पहले चार पुलियां लगाई गई थीं, लेकिन लोगों द्वारा मकान निर्माण कर उन्हें बंद कर दिया गया है, जिस कारण बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। फिलहाल एक पुलिया ऐसी है, जहां से निकासी संभव है। बारिश के पानी को निकासी दी जाएगी, लेकिन घरों से निकलने वाले पानी को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए कल साइड में मशीन भेजकर बंद पड़ी पुलियों को खोलने का कार्य किया जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Advertisement