कुनिहार
बी एल सेंट्रल पब्लिक स्कूल कुनिहार के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विद्यालय को जिला सोलन के टॉप 20 विद्यालयों में ‘ग्रीन स्कूल’ प्रोग्राम में राष्ट्रीय अवार्ड के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर और सराहनीय प्रयासों का परिणाम है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालय परिसर में नियमित रूप से पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त परिसर, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा बचत तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहे हैं। यह सम्मान सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE), नई दिल्ली द्वारा संचालित ग्रीन स्कूल प्रोग्राम के तहत देशभर के विद्यालयों के पर्यावरणीय ऑडिट के आधार पर प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE), नई दिल्ली, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) सोलन, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (उच्चतर) सोलन तथा जिला साइंस सुपरवाइजर अमरीश शर्मा के मार्गदर्शन में लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर द्वारा GSP ऑडिट को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया, जिसके उपरांत विद्यालय का चयन जिला सोलन के टॉप 20 ‘ग्रीन स्कूल’ में किया गया। उन्होंने बताया विद्यालय को GSP कार्निवल और अवार्ड समारोह भारत हेबीटेट सेंटर न्यू दिल्ली में प्रश्त्री पत्र के साथ 30 जनवरी को सम्मानित किया जायेगा I
विद्यालय के अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यालय के इको क्लब के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि छात्रों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, पी टी ए अध्यक्ष , अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। विद्यालय अध्यक्ष ने लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर, समस्त स्टाफ व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इसी प्रकार अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। यह सम्मान न केवल विद्यालय बल्कि पूरे कुनिहार क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।




