नगर पंचायत अर्की में एक दिवसीय स्वच्छता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
शहनाज अर्की।
शहरी विकास निदेशालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रायोजित स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत नगर पंचायत अर्की के लिए “एक कदम स्वच्छता की ओर” अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय स्वच्छता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार विपिन वर्मा ने की।
ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन हिमालयन इंस्टीट्यूट फॉर एनवायरनमेंट, इकोलॉजी एंड डेवलपमेंट (हाईफीड), टिहरी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर पंचायत अर्की के कर्मचारियों, शहरी निकायों के सफाई मित्रों तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।
स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े हाईफीड संस्था के राज्य संयोजक प्रकाश भाटिया ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, ठोस कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव तथा जन-जागरूकता से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगे लोगों के बीच भेजा जाएगा, ताकि वे आमजन को स्वच्छता की अहमियत समझा सकें।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 का मुख्य उद्देश्य शहरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है, जिसमें नगर पंचायत कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वच्छता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार विपिन वर्मा ने कहा कि स्वच्छता को केवल विभागीय जिम्मेदारी न मानकर जन-आंदोलन बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को व्यवहार में लाने और आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष अनुज गुप्ता, उपाध्यक्ष पदम् कौशल, सचिव अभिनव शर्मा सहित नगर पंचायत के कर्मचारी, सफाई मित्र तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।





