हिमाचल आज तक (ब्यूरो):
नेशनल फिनिशिंग एंड कुकरी इंस्टिट्यूट (NFCI) द्वारा आयोजित NCC–2026 (नेशनल कलिनरी चैलेंज) सीजन–3 का ग्रैंड फिनाले 30 जनवरी को पुष्पा गुजराल साइंस सिटी, कपूरथला में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित कुकिंग प्रतियोगिता में देशभर से आए युवा शेफ्स ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आधुनिक पाक-कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
NCC–2026 में NFCI के 21 पैन-इंडिया कैंपसों से लगभग 1,300 छात्रों ने पहले चरण में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 240 छात्र दूसरे राउंड में पहुंचे, जबकि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 70 प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह बनाई। अंतिम चरण में 21 कैंपसों का प्रतिनिधित्व करती 23 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
ग्रैंड फिनाले का निर्णायक मंडल सेलिब्रिटी शेफ अजय चोपड़ा, शेफ निशांत चौबे और शेफ विनोद बदोनी जैसे अनुभवी नामों से सुसज्जित रहा। जजों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन क्रिएटिविटी, टेक्नीक, प्रेजेंटेशन और फ्लेवर बैलेंस के आधार पर किया और छात्रों के प्रोफेशनल स्तर की सराहना की।
प्रतियोगिता में सोलन की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹51,000 की नकद राशि जीती। विजेता टीम “Kashmiri Riwayat”, जिसमें प्रकाश, रश्मि और जसप्रीत शामिल थे, ने पारंपरिक कश्मीरी स्वाद और आधुनिक प्रस्तुति से सभी को प्रभावित किया। इसके अलावा प्रतिभागियों को आकर्षक गिफ्ट हैम्पर्स भी प्रदान किए गए।
इस आयोजन में अमूल, क्रेमिका, प्रोफेशनल होटलवेयर सहित कई प्रतिष्ठित प्रायोजकों का सहयोग रहा, वहीं हैमर्स, रेडियो सिटी और पंजाब केसरी जैसे मीडिया पार्टनर्स ने इसे व्यापक पहचान दिलाई। NCC–2026 का आयोजन NFCI की इंडस्ट्री-रेडी शेफ्स तैयार करने की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बना।





