तंबाकूमुक्त स्वस्थ्य विद्यालय कार्यक्रम का आयोजन दाड़लाघाट में अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट एवं सलाम मुंबई फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों के परिसरों में तंबाकू पदार्थों के उपयोग पर रोक तथा तंबाकू नियंत्रण से संबंधित सभी 9 निर्धारित मानकों को पूरा करने पर कुल 48 विद्यालयों को तंबाकू मुक्त विद्यालय का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। यह तंबाकू मुक्त विद्यालय कार्यक्रम सलाम मुंबई फाउंडेशन, मुंबई के साथ समन्वय में पिछले तीन वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा था। कार्यक्रम की सफलता पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य सखी कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया और कहा कि उनके विद्यालय तंबाकू मुक्त परिसर के सभी मानकों को पूरा करने में सफल रहे हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने अंबुजा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से विद्यार्थी अपने अध्ययनकाल से ही तंबाकू मुक्त जीवन की शुरुआत कर पा रहे हैं। तंबाकू मुक्त विद्यालय की यह पहल एक सार्थक प्रयास है, जिससे किशोरावस्था में ही विद्यार्थियों को तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी मिलती है तथा स्वस्थ परिवेश और सकारात्मक वातावरण के निर्माण को बढ़ावा मिलता है। स्वास्थ्य कार्यक्रम समन्वयक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि तंबाकू मुक्त विद्यालय कार्यक्रम के अंतर्गत 48 विद्यालयों को जोड़ा गया है, जिससे बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक आदतों का विकास हो सके। वहीं संजय शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी के कारण ही तंबाकू मुक्त स्वस्थ्य विद्यालय के सभी 9 मानकों को पूरा करना संभव हो पाया है।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता रैलियां, चित्रकला प्रदर्शनियां, जागरूकता सत्र, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं शिक्षकों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही निरंतर प्रयासों से तंबाकू एवं नशे के विरुद्ध संवाद किया गया। इस अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों तथा सखी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।





