दाड़लाघाट व आसपास के क्षेत्रों में महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः काल से ही स्थानीय शिव मंदिर में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। श्रद्धालु उपवास रखकर बड़ी संख्या में शिव दर्शन और शिवार्चन के लिए मंदिर परिसर में पहुंचे। मंदिर में भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा बेलपत्र, दूध और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर का वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर शिव मंदिर दाड़लाघाट के बाबा जयदेव गिरी सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा शिव भोग के अनेक स्टॉल लगाए गए, जहां विशेष रूप से तैयार किया गया घोटा, फलाहार और खीर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। प्रसाद प्राप्त कर भक्त स्वयं को धन्य मानते नजर आए। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर शिव महिमा का गुणगान किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। वहीं दाड़ला बाजार सहित दाड़लामोड़, नवागांव, धुन्दन, पीपलुघाट, कराड़ाघाट, कश्लोग, मांगू सहित विभिन्न स्थानों पर दूध, पकौड़े और फलों का प्रसाद वितरित किया गया।महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।





