अर्की।
अर्की मुख्यालय में बीते माह हुए भीषण अग्निकांड में नेपाल मूल के 9 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी तथा कई दुकानें जलकर राख हो गई थीं। इस हृदयविदारक घटना से प्रभावित परिवारों की सहायता के उद्देश्य से डुमैहर के खेल मैदान में ‘सद्भावना कप’ क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस सामाजिक पहल का आयोजन बीडीओ कुनिहार कंवर तन्मय सिंह के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की कुल 15 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरा आयोजन सहयोग और सद्भाव की भावना से ओत-प्रोत रहा।
आयोजक बीडीओ तन्मय कंवर ने बताया कि इस टूर्नामेंट से प्राप्त संपूर्ण आय अग्निकांड से प्रभावित नेपाली परिवारों को प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें इस कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जल शक्ति विभाग और एचपीयू एकादश शिमला के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एचपीयू एकादश ने निर्धारित 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। टीम के कप्तान ललित चौहान ने 22 गेंदों में 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जल शक्ति विभाग की टीम निर्धारित 12 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 107 रन ही बना सकी। इस प्रकार एचपीयू एकादश ने मुकाबला जीत लिया।
समापन समारोह के दौरान पीड़ित नेपाली परिवार से सुशील और उसके चाचा मोहनलाल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। सुशील के माता-पिता सहित परिवार के सदस्य अग्निकांड में काल का ग्रास बन गए थे। बीडीओ तन्मय कंवर ने सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों की उपस्थिति में लगभग 50 हजार रुपये की राशि सुशील को भेंट की, ताकि इस कठिन घड़ी में उसे सहायता मिल सके। उपस्थित लोगों ने मोहनलाल से बच्चे की समुचित परवरिश सुनिश्चित करने की अपील की तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में बीडीओ तन्मय कंवर ने सभी विभागों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। विजेता और उपविजेता टीमों को बड़े मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि विपत्ति की घड़ी में समाज एकजुट होकर जरूरतमंदों के साथ खड़ा है।





