अर्की विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेवड़ा चंडी के अंतर्गत पजीणा क्लस्टर में एच.पी. शिवा परियोजना के प्रथम चरण के तहत फल पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और जापानी फल (पर्सिमन) के 3850 पौधे रोपित किए। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि बागवानी क्षेत्र हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और प्रदेश सरकार सेब के साथ-साथ अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पजीणा क्लस्टर में इस परियोजना से 36 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा 18 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर बागवानी से बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बागवानों को जलवायु के अनुरूप फलों की वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की जाए, ताकि वे व्यावहारिक रूप से लाभान्वित हो सकें। संजय अवस्थी ने बताया कि ड्रैगन फ्रूट, कीवी, ब्लूबेरी और एवोकाडो जैसे फलों की बाजार में अच्छी मांग है और क्षेत्र में इनके उत्पादन की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। विधायक ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत सेवड़ा चंडी में विकास कार्यों के लिए 84 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बमेली–पजीणा–सरयाली–कोरकूफर मार्ग निर्माण के लिए 26 लाख रुपये, महिला मंडल पजीणा के भवन निर्माण हेतु 2 लाख रुपये तथा सामान क्रय के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। साथ ही पजीणा से सौरा मार्ग निर्माण के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप धनराशि उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के उपरांत सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनी गईं और संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के सी.डी. बंसल, तुलसीराम शर्मा, मनोज भारद्वाज, बागवानी विभाग की उप निदेशक शिवाली ठाकुर, जिला समन्वयक देवेन्द्र अत्री, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रबंधक संजय शर्मा, महिला मंडल पजीणा एवं युवक मंडल पजीणा के सदस्य, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।




