February 27, 2026 3:46 am

कैंसर दिवस पर आशा कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

[adsforwp id="60"]

अर्की

सिविल हॉस्पिटल अर्की में कैंसर दिवस के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं को कैंसर के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच तथा उपचार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी देना था, ताकि वे समाज में लोगों को सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान कर सकें।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ विजय कुमार शांडील काउंसलर (एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सेवाएं), ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और उचित उपचार से इससे बचाव संभव है। उन्होंने स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, मुख कैंसर और फेफड़ों के कैंसर जैसे सामान्य प्रकारों के बारे में जानकारी देते हुए नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. मुकता रस्तोगी , खंड चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल अर्की, के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आशा कार्यकर्ता समाज और स्वास्थ्य विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि वे स्वयं जागरूक रहेंगी, तो समुदाय में भी स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। उन्होंने सभी आशा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे महिलाओं एवं पुरुषों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर भूषण वर्मा सुपरवाइजर, सिविल अस्पताल अर्की, ने स्वस्थ एवं संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हरी सब्जियां, फल, दालें, दूध, पर्याप्त पानी का सेवन तथा जंक फूड से परहेज करने से शरीर मजबूत रहता है और कई बीमारियों से बचाव संभव होता है। साथ ही उन्होंने नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और कैंसर जांच, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं तथा मरीजों को उच्च संस्थानों में रेफर करने की प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों द्वारा सभी प्रश्नों का सरल एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया। उन्हें समुदाय में जागरूकता फैलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

अर्की क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस कार्यक्रम में सराहनीय रही। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज को कैंसर मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने और अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

यह कार्यक्रम सोलन जिला में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। इससे न केवल आशा कार्यकर्ताओं का ज्ञान बढ़ा, बल्कि आम जनता में भी कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Advertisement