कुनिहार
हिमाचल प्रदेश के प्रधान मुख्य वन अरण्यपाल (हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स) संजय सूद, भारतीय वन सेवा ने कुनिहार वन मंडल का दौरा किया।

अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन, दाड़लाघाट के अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिसमें सामुदायिक भागीदारी द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रयासों पर चर्चा की गई।
इसके उपरांत उन्होंने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत महिला मंडल, ऊँचागांव एवं वन विभाग, कुनिहार द्वारा संयुक्त रूप से विकसित पौधरोपण क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सूद ने महिला मंडल की सक्रिय भागीदारी एवं विभागीय अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।
दौरे के अंत में उन्होंने वन विश्राम गृह, कुनिहार में विभागीय स्टाफ तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं महिला मंडल के सदस्यों के साथ एक संवादात्मक सत्र किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने बहुमूल्य अनुभव एवं ज्ञान को साझा करते हुए वन संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी को प्रेरित किया कि आने वाले वर्षों में भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इसी प्रकार समर्पित भाव से कार्य करते रहें।
प्रधान मुख्य वन अरण्यपाल सूद ने कहा कि वन विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन में अपनी भूमिका को गर्व एवं जिम्मेदारी के साथ निभा रहे हैं, जो सराहनीय है।
इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक, कुनिहार विक्रम सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





