February 14, 2026 3:44 pm

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत पठियार में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

[adsforwp id="60"]

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत गांव पठियार में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के मार्गदर्शन में किया गया।


महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी डॉ. विजय कुमार शांडिल (काउंसलर, एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सेवाएं, सिविल अस्पताल अर्की, जिला सोलन) द्वारा दी गई। उन्होंने स्तनपान, एनीमिया, ब्लड प्रेशर, नेत्र देखभाल, पोषण, टीबी एवं एचआईवी/एड्स विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. शांडिल ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को केवल एक दिन की खांसी भी है, तो वह टीबी का लक्षण हो सकता है। समय पर जांच करवाकर हम खुद को, अपने परिवार और गांव को बचा सकते हैं और समाज को टीबी मुक्त बनाने में योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने महिलाओं को एचआईवी जांच के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एचआईवी की जांच अवश्य करवानी चाहिए। यदि रिपोर्ट नेगेटिव है तो भविष्य में सुरक्षित व्यवहार अपनाना चाहिए और यदि रिपोर्ट पॉजिटिव है तो सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क एआरटी का लाभ लेकर सामान्य जीवन व्यतीत किया जा सकता है।
इस अवसर पर स्तनपान के लाभ, एनीमिया की रोकथाम के उपाय, संतुलित आहार, ब्लड प्रेशर की जांच एवं नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में लगभग 60 महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
भावना शर्मा (सीएचओ, हनुमान बडोग) ने महिलाओं का बीपी चेक किया। आशा वर्कर कृष्णा व शर्मिला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला एवं कपिल,हेल्पर कांता ठाकुर, सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है ताकि एक स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और समाज का निर्माण कर सके।

Leave a Reply

Advertisement