दाड़लाघाट
दाड़लाघाट स्थित आईटीआई ग्राउंड में अंबुजा फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेहतर खाद्यान्न, बेहतर भविष्य के लिए हाथ से हाथ संदेश के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक व टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अदाणी सीमेंट के इकाई प्रमुख संदीप शेर रहे। कार्यक्रम में कृषि विभाग से सेवानिवृत्त एसएमएस मनोज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा कृषि विभाग से अमर सिंह, उद्यान विभाग से संतोष तथा पशुपालन विभाग से मानवी चौधरी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सभी पात्र किसान उठा सकते हैं। अधिकारियों ने यह भी आश्वस्त किया कि योजनाओं का लाभ दिलाने में विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। मुख्य अतिथि संदीप शेर ने अपने संबोधन में कहा कि अंबुजा फाउंडेशन द्वारा नाबार्ड के सहयोग से क्षेत्र में जीवा परियोजना का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके तहत किसान प्राकृतिक खेती को अपना रहे हैं। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक प्राकृतिक खादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे खेती अधिक सुरक्षित और लाभकारी बनेगी। अंबुजा फाउंडेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय शर्मा ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा कृषि कार्यक्रम के अंतर्गत गांव-गांव में कृषि शिविरों का आयोजन किया जाता है, जहां किसानों को प्राकृतिक खेती से जुड़ी आधुनिक जानकारियां दी जाती हैं। इस अवसर पर किसानों द्वारा एक उत्पाद प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें किसानों ने अपने विभिन्न कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले किसानों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से लगभग 200 किसानों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।





