कुनिहार
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन सेवानिवृत कर्मचारीयो को आज 27तारिख तक पेंशन न दिए जाने को लेकर हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार तथा निगम प्रशासन की कड़ी आलोचना की है।यहा जारी बयान में संघर्ष समिति के महासचिव इंद्रपाल शर्मा ने कहा कि मुख्य मंत्री ने गत 17दिसंबर को घुमारवी में पेंशनरों के एक तथा कथित गुट में कहा था कि परिवहन के पेंशनरों को हर माह 15तारिख तक पेंशन दी जाएगी। उन्हें हर महीने के आखिर तक भी पेंशन नहीं मिल रही है जो कि बहुत ही दुर्भाग्य पूर्ण है।शर्मा ने कहा कि मुख्य मंत्री को झूठ बोलने में महारत हासिल है ।उन्होंने धर्मशाला में संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल को 28नवंबर को कहा था कि एक हफ्ते में जे सी सी की बैठक की जाएगी जो आज तक भी नहीं हुई।कुछ मुठ्ठी भर स्वार्थी पेंशनरों के साथ वार्ता करने को कह कर पेंशनरों को गुमराह करने का काम किया। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री तो झूठ बोलने में मुख्य मंत्री से भी आगे हैं। परिवहन निगम के कार्यरत कर्मचारियों को भी समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। इसको लेकर उनकी यूनियन ने सरकार को कई बार हड़ताल करने की धमकी दी लेकिन हर बार पीछे हटे।उनको ये बात याद रखनी चाहिए कि वे भी एक दिन सेवानिवृत होगे और फिर उनके साथ भी यही होगा। शर्मा ने कहा कि संयुक्त संघर्ष समिति परिवहन के पेंशनरों के साथ खड़ी है तथा उनकी पेंशन का मुद्दा सरकार को समिति के द्वारा दिए गए मांग पत्र में प्रमुख है।सरकार से उनकी पेंशन के स्थाई समाधान की मांग करते हैं।शर्मा ने सरकार से संघर्ष समिति के साथ समय रहते शीघ्र वार्ता को बुलाए जाने की मांग की है,अन्यथा जनवरी से प्रदेश में व्यापक आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर ओम प्रकाश गर्ग,गोपाल कृष्ण,राजेश जोशी,सुशील शर्मा, जगदीश चंदेल उपस्थित रहे।





