डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में कक्षा दसवीं व बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आगामी बोर्ड परीक्षाओं में सफलता को लेकर विशेष हवन एवं परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। हवन उपरांत आयोजित परामर्श सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित तनाव से मुक्त करना एवं आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। सत्र का संचालन एसीएल प्लांट अध्यक्ष संदीप सीरह द्वारा किया गया। सत्र में तनाव प्रबंधन, उचित अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन, पाठ्यक्रम की समय पर पूर्णता तथा उत्तर-पत्र प्रस्तुतीकरण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताते हुए आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर मानव संसाधन अध्यक्ष एसीएल पद्मनाभ शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अभिभावक उपस्थित रहे।





