संत निरंकारी मिशन द्वारा चलाए जा रहे प्रोजेक्ट अमृत के चौथे चरण का शुभारंभ 22 फरवरी को प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत देशभर में 1500 से अधिक स्थानों पर जल स्त्रोतों की सफाई की जाएगी। सोलन जोन के अंतर्गत जिला सिरमौर और सोलन में लगभग 54 पानी की बावड़ियों एवं अन्य जल स्त्रोतों की सफाई मिशन के अनुयायियों द्वारा की जाएगी। इसी क्रम में संत निरंकारी मिशन की दाड़लाघाट शाखा द्वारा भी इस सेवा अभियान का आयोजन किया जाएगा। दाड़लाघाट शाखा के मुखी विद्या सागर ठाकुर ने बताया कि मिशन के अनुयायी पूर्ण श्रद्धा और सेवा-भाव के साथ जल स्त्रोतों की स्वच्छता के लिए कार्य करेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा प्राकृतिक जल स्त्रोतों की रक्षा करना है। मिशन ने बाबा हरदेव सिंह जी की प्रेरणादायक शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में प्रोजेक्ट अमृत का शुभारंभ किया था। यह अभियान जल संरक्षण को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली, संस्कार और सेवा-भाव के रूप में अपनाने की प्रेरणा देता है। मिशन ने समस्त क्षेत्रवासियों से इस जनहितकारी अभियान में सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया है।





