दाड़लाघाट
बिलासपुर जिले के गांव बठोह लाड़ाघाट की निवासी किरण ठाकुर ने अपनी मेहनत और लगन से कबड्डी की दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। किरण ने हिमाचल की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए हाल ही में आंध्र प्रदेश में आयोजित बीच कबड्डी चैंपियनशिप में जीत हासिल की है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद किरण का चयन इंडिया कैंप बीच कबड्डी के लिए हुआ है। किरण पिछले करीब दस वर्षों से धर्मशाला में प्रशिक्षण ले रही हैं और उन्होंने अपनी शिक्षा सरकारी स्कूल बठोह के भोली से प्राप्त की है। किरण ने खेलो इंडिया टूर्नामेंट में भी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था और जीत हासिल की थी। किरण की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और गांव का नाम रोशन हुआ है,बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए भी यह गर्व की बात है। किरण के पिता रामानंद ठाकुर व माता सुनीता ठाकुर ने कहा कि हमें उम्मीद है कि किरण की इस सफलता से अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करेंगे।





