ग्राम पंचायत रोड़ी के गांव बागा में वीएचएसएनसी बागा और महिला मंडल बागा के संयुक्त तत्वावधान में गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान आशा कार्यकर्ता मीरा ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरा खुले में या रास्तों में न फेंकने का आग्रह किया। महिला मंडल की सदस्याओं ने निर्णय लिया कि सभी महिलाएं अपने घरों के आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखेंगी, ताकि गांव साफ-सुथरा और सुंदर बना रहे।
इस मौके पर महिलाओं ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की अनदेखी पर भी रोष जताया। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों से बागा-नौणी सड़क निर्माण का एस्टीमेट मंडल कार्यालय में लंबित पड़ा है। वहीं जल शक्ति विभाग द्वारा बोरवेल लगाने के लिए सर्वेक्षण भी किया जा चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो पाई है। ग्रामीण महिलाओं ने विधायक संजय अवस्थी से आग्रह किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। इस अभियान में महिला मंडल अध्यक्ष मीरा, सचिव लता, सदस्य अनीता, मंजू, हेमा, मोनिका, शकुंतला, रीता, शीला, मीना, रजनी और रीना सहित अन्य महिलाओं ने सक्रिय सहयोग दिया।





