दाड़लाघाट
सोलन जिला की तहसील अर्की के गांव भराडीघाट से संबंध रखने वाले नमन कुमार ने भारतीय सेना अकादमी से प्रशिक्षण पूर्ण कर लेफ्टिनेंट बनकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। महज 21 वर्ष की आयु में नमन कुमार ने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए पूरे देश में 14वीं रैंक हासिल की। नमन कुमार के पिता नरेंद्र कुमार भारतीय सेना से नायब सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता ममता वर्मा ने बेटे की इस सफलता को परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। नमन की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवा वर्ग को देश सेवा के लिए नई प्रेरणा मिली है।





