March 3, 2026 3:50 am

परवाणू में नशीली दवाओं की अवैध तस्करी, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज

[adsforwp id="60"]

परवाणू में नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को पुलिस थाना परवाणू द्वारा ड्रग्स निरीक्षक परवाणू सुप्रिया शर्मा को सूचना दी गई कि एनएच-5 स्थित टोल बैरियर टिपरा पर गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उनके बैग से टैपेंटाडोल की 500 गोलियां बरामद हुईं, जिसका दुरुपयोग नशीले पदार्थ के रूप में किया जाता है। सूचना मिलते ही ड्रग्स निरीक्षक मौके पर पहुंचीं, जहां दोनों व्यक्ति पुलिस अधिकारियों के साथ मौजूद थे। उनसे उक्त दवाओं को रखने एवं परिवहन करने संबंधी वैध ड्रग लाइसेंस या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे मौके पर कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहे।इसके उपरांत ड्रग्स निरीक्षक परवाणू द्वारा सभी एलोपैथिक दवाओं सहित मोटरसाइकिल को जब्त कर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। एसपी सोलन एसडी वर्मा ने बताया कि मामले की आगामी जांच जारी है। उधर, ड्रग निरीक्षक परवाणू सुप्रिया शर्मा ने बताया कि बिना वैध लाइसेंस एवं अनुमति के नशीली प्रवृत्ति वाली दवाओं का भंडारण अथवा परिवहन करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा ऐसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी अवैध दवा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply