February 24, 2026 4:36 am

ड्रीम पब्लिक स्कूल बथालंग में नशा मुक्ति एवं चिट्टा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

[adsforwp id="60"]

बथालंग स्थित ड्रीम पब्लिक स्कूल बथालंग में नशा मुक्ति एवं चिट्टा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. विजय कुमार शांडिल, एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सेवाएं, सिविल अस्पताल अर्की, जिला सोलन से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके भविष्य, परिवार और समाज पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।

डॉ. शांडिल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, सही मित्र चुनने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा खेल, योग और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी समझाया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, शिक्षकों या स्वास्थ्य कर्मियों से खुलकर बात करनी चाहिए।

इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मोनिका शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पूरे कार्यक्रम का समन्वय किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कपिल शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र-छात्राएं इस संदेश को अपने जीवन में अपनाएंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्या श्रीमती निशा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उन्हें हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा चिट्टा एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ली गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ। विद्यालय प्रबंधन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई, ताकि युवा पीढ़ी को एक स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सके। इस अवसर पर 120 से अधिक बच्चों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया!

Leave a Reply

संस्कृत शिक्षक कामेश्वर शर्मा की त्रिभाषा सूक्ति-संग्रह पुस्तक द क्वेस्ट फॉर विज़डम प्रज्ञाया: अन्वेषणम् का द्वितीय संस्करण भारतीय नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया विमोचन

Advertisement