सोलन
पवन कुमार सिंघ
हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में मशरूम उगाई जाएगी। इसे मिशन व्हाइट अंब्रेला का नाम दिया गया है। इस मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोटीन से भरपूर दोपहर का भोजन देना है। स्कूलों में मिड-डे मील में अब बच्चों को प्रोटीन से भरपूर मशरूम भी मिलेगी। यह मशरूम स्कूल में ही उगाई जाएगी, जिससे बच्चों को पोषणयुक्त भोजन मिलेगा और वे खेती, पोषण और वैज्ञानिक जानकारी एक साथ सीखेंगे। यह अनूठी पहल प्रारंभिक चरण में जिला सोलन से शुरू की गई है। खुंब अनुसंधान केंद्र एवं निदेशालय के विशेषज्ञ अध्यापकों को मशरूम तैयार करने का प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद इसे स्कूलों में भी तैयार किया जाएगा। 24 फरवरी को चयनित स्कूलों के टीजीटी और प्रवक्ताओं को प्रशिक्षण मिलेगा। इस मिशन का मुख्य लक्ष्य है बच्चों को पोषणयुक्त मिड-डे मील देना और स्कूल स्तर पर आत्मनिर्भर खाद्य उत्पादन बढ़ाना। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो आने वाले समय में इसे पूरे हिमाचल के स्कूलों में लागू किया जा सकता है





