राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में शैक्षणिक सत्र 2025–26 की पीटीए अध्यापक–अभिभावक संघ की तृतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने की, जबकि पीटीए सचिव एवं सहायक आचार्य अक्षय कुमार ने सभी पदाधिकारियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया। अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय की गत सत्र की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने संस्थान की निरंतर प्रगति में अभिभावकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक के दौरान महाविद्यालय की आधारभूत आवश्यकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से परिसर में आवश्यकता अनुसार सफाई कर्मचारी (स्वीपर) की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी सत्र में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा महाविद्यालय पुस्तकालय के लिए उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। पीटीए सदस्यों ने समाजशास्त्र एवं अंग्रेज़ी विभाग में रिक्त प्रवक्ता पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं समग्र विकास को मजबूती मिलेगी। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।





