February 17, 2026 11:03 am

अर्की के जालंग की बहू डॉ. मधु दत्त ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से जेआरएफ के साथ पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर किया क्षेत्र का नाम रोशन

[adsforwp id="60"]

हिमाचल आज तक अर्की: (ब्यूरो):-
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला अंतर्गत अर्की तहसील के जालंग गांव की बहू डॉ. मधु दत्त ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, शिक्षा के प्रति समर्पण और परिवार के सहयोग से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। छोटे से गांव बैरटी में जन्मी डॉ. मधु दत्त ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से जेआरएफ के साथ पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
डॉ. मधु दत्त की प्रारंभिक शिक्षा हिंदी माध्यम से हुई। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी पढ़ाई जारी रखी और 12वीं तक की शिक्षा के बाद कॉलेज सोलन से बीएससी नॉन-मेडिकल की पढ़ाई पूरी की। पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उनकी शिक्षा में कुछ समय का अंतराल जरूर आया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। विवाह के बाद उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में नियमित छात्रा के रूप में एमएससी की पढ़ाई की और इसके पश्चात जेआरएफ क्वालिफाई कर पीएचडी शोध कार्य प्रारंभ किया।
शिक्षा के इस सफर के दौरान उन्हें गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। एमएससी के अंतिम सेमेस्टर में पीजीआई चंडीगढ़ में ओपन हार्ट सर्जरी के बावजूद उन्होंने मात्र एक माह के भीतर परीक्षा और जेआरएफ दोनों सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपनी असाधारण दृढ़ता का परिचय दिया।
अपने शोध कार्य के दौरान डॉ. मधु दत्त ने कई महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धियां हासिल कीं। उनके शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों में प्रस्तुत हुए तथा पंजाब यूनिवर्सिटी के कुलपति द्वारा उन्हें बेस्ट पेपर प्रेजेंटर अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में भी पीएचडी शोध का प्रस्तुतिकरण कर वैश्विक मंच पर भारत और हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
पंजाब यूनिवर्सिटी के 73वें दीक्षांत समारोह में उन्हें औपचारिक रूप से डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। अपनी इस सफलता का श्रेय डॉ. मधु दत्त अपने माता-पिता, पति, बच्चों, परिवारजनों और मित्रों के निरंतर सहयोग को देती हैं। विशेष रूप से उनके पति की भूमिका अत्यंत प्रेरणादायक रही, जिन्होंने न्यूक्लियर फैमिली में रहते हुए घर और बच्चों की जिम्मेदारियां संभालकर उन्हें पढ़ाई के लिए पूरा सहयोग दिया।
छोटे से गांव बैरटी में जन्म लेकर अर्की क्षेत्र की बहू के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची डॉ. मधु दत्त की यह शैक्षणिक यात्रा महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल है। उनकी कहानी आज उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो पारिवारिक, सामाजिक या स्वास्थ्य संबंधी बाधाओं के कारण अपने सपनों को अधूरा छोड़ देती हैं।

Leave a Reply

Advertisement