February 14, 2026 4:07 am

अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स बागा में चार श्रम संहिताओं के खिलाफ मजदूरों ने किया  विरोध प्रदर्शन

[adsforwp id="60"]

सोलन जिला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर चार श्रम संहिताओं के खिलाफ मजदूरों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के बागा (मांगल) और बघेरी दोनों स्थलों पर आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 200 मजदूरों ने भाग लेकर केंद्र सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संजय पंवर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई चार श्रम संहिताएं मजदूर वर्ग के मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला हैं। इन कानूनों से स्थायी रोजगार को कमजोर कर ठेका प्रथा को बढ़ावा दिया जा रहा है, ट्रेड यूनियनों की शक्ति सीमित की जा रही है और हड़ताल के अधिकार को लगभग निष्प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ये श्रम संहिताएं पूर्ण रूप से लागू की गईं तो देश का मजदूर वर्ग असुरक्षित रोजगार और शोषण की नई व्यवस्था में फंस जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए तिलक राज ने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के बजट में लगातार कटौती और कार्य दिवसों में कमी ग्रामीण गरीबों की आजीविका पर सीधा हमला है। उन्होंने मांग की कि मनरेगा को मजबूत किया जाए, 200 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाए तथा मजदूरी दर में वृद्धि की जाए। प्रदर्शन के दौरान न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये प्रति माह निर्धारित करने, मिड डे मील, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं सहित स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और श्रम सम्मेलन नियमित रूप से प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
यूनियन महासचिव बलबीर चौहान ने स्पष्ट किया कि मजदूरों की भागीदारी के बिना बनाई गई कोई भी श्रम नीति स्वीकार्य नहीं होगी। सभा में मजदूर–किसान एकता को और मजबूत करने तथा आने वाले समय में व्यापक आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Recent News

Advertisement