February 25, 2026 3:34 am

राजकीय उच्च विद्यालय रोड़ी में 5एस के महत्व पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

[adsforwp id="60"]

अंबुजा सीमेंट लिमिटेड दाड़लाघाट द्वारा राजकीय उच्च विद्यालय रोड़ी में 5एस के महत्व पर आधारित एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में पुनर्निर्माण तथा कुछ आवश्यक सुधारात्मक कार्य भी किए गए, जिससे विद्यार्थियों में स्वच्छता, सुव्यवस्था और अनुशासन के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें 5एस की कार्यपद्धति को विस्तार से समझाते हुए बताया गया कि यह प्रणाली दैनिक जीवन में अनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होती है। प्रशिक्षण के दौरान 5एस के पाँच मूल मंत्रों की जानकारी दी गई। पहले चरण पुनर्व्यवस्थापन के तहत आवश्यक और अनावश्यक वस्तुओं को अलग करने पर बल दिया गया। दूसरे चरण सुव्यवस्था में प्रत्येक वस्तु के लिए निर्धारित स्थान तय कर उसे वहीं रखने की आदत विकसित करने की बात कही गई। तीसरे चरण सफाई में कार्य क्षेत्र को स्वच्छ रखने पर जोर दिया गया। चौथे चरण मानकीकरण के अंतर्गत नियमों को निर्धारित कर पूर्व की तीनों प्रक्रियाओं को नियमित रूप से लागू करने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। पांचवें और अंतिम चरण अनुशासन में स्वअनुशासन के माध्यम से इन नियमों को निरंतर अपनाने और 5एस को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा कि 5एस प्रणाली विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं को सुव्यवस्थित, जिम्मेदार और कार्यकुशल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सार्थक कदम बताया।

Leave a Reply