राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल की अध्यक्षता में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर साथियों कक्षा 12वीं के लिए स्नेहपूर्ण विदाई पार्टी का आयोजन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्लस वन की छात्राओं लसिका और यशवी ने प्रभावशाली ढंग से किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें गीत, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर साथियों को आकर्षक और रोचक टाइटल प्रदान किए। साथ ही प्रत्येक सीनियर विद्यार्थी को एक-एक गतिविधि दी गई, जिसे सभी ने उत्साहपूर्वक निभाया और भरपूर सराहना प्राप्त की। सीनियर विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पासिंग बॉल प्रतियोगिता रही, जिसमें विभिन्न राउंड के माध्यम से प्रतिभागियों से अलग-अलग गतिविधियाँ करवाई गईं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में भौतिक शास्त्र के प्रवक्ता भारतेंदु भारद्वाज, अंग्रेजी प्रवक्ता सुमन देवी, अर्थशास्त्र प्रवक्ता नीलम वर्मा तथा राजनीति शास्त्र प्रवक्ता सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे। अंतिम दो राउंड में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के आधार पर शिवम को मिस्टर फेयरवेल तथा गीतांजलि को मिस फेयरवेल चुना गया। वहीं आदित्य रनौत को मिस्टर पर्सनैलिटी और अंजलि सहगल को मिस पर्सनैलिटी के खिताब से नवाजा गया। प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को बधाई दी तथा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी अध्यापक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।





