December 15, 2025 11:32 am

ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल, अर्की में “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का किया गया आयोजन

[adsforwp id="60"]

खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ मुक्ता रस्तोगी की अध्यक्षता में ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल, अर्की में “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें नशे से दूर रखना था!

डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर, एचआईवी परामर्श एवं जांच सेवाएँ, सिविल अस्पताल अर्की ने विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, फेफड़ों की बीमारी, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मुँह के छाले और दाँतों की खराबी जैसी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को “नशा को ना कहें” का संदेश दिया और सभी से प्रतिज्ञा ली कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान कोप्टा एक्ट 2003 के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। यह बताया गया कि विद्यालयों, सार्वजनिक स्थानों और 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। यदि कोई दुकानदार इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

इस अवसर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सपना ठाकुर ने विद्यालय के लगभग 140 विद्यार्थियों का टीकाकरण किया और उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आदतों के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता सुनीता बंसल, सुनीता और गीता कश्यप ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय सिंह ने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से कीं और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सहयोग प्रदान किया। उनके मार्गदर्शन और सभी कार्यकर्ताओं के समर्पण से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा।

अंत में सभी उपस्थितजनों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने विद्यालय और समाज को “तंबाकू मुक्त क्षेत्र” बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

Leave a Reply