February 17, 2026 11:34 am

सन्याड़ी मोड़ के समलोह–क्वारला सड़क की हालत बेहद खराब,वाहन चालकों को हो रही परेशानी

[adsforwp id="60"]

सड़के जीवन की रेखाएं कहलाई जाती है, लेकिन इनमें सुधार न होने से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उपमंडल अर्की की पंचायत सन्याड़ी मोड़ के समलोह–क्वारला सड़क की हालत लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है। जिस कारण वाहन चालकों को परेशानियां झेलनी पड़ती है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पड़ चुके हैं। बरसात के समय में भी सड़क पर पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। यह सड़क ग्राम पंचायत नवगांव और ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोनों पंचायतों के हजारों ग्रामीण इस मार्ग पर निर्भर हैं। यह सड़क स्कूल, अस्पताल, बाजार और सरकारी दफ्तरों तक पहुंचने का मुख्य साधन है। सड़क की जर्जर हालत के कारण आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। युवा क्लब समलोह के प्रधान सौरभ गौतम ने बताया कि इस समस्या को पिछले दो वर्षों से लगातार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के समक्ष उठाया जा रहा है। क्लब द्वारा कई बार लिखित शिकायतें दी गई। इसके साथ ही मामला मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 नंबर पर भी दर्ज करवाया गया, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। सौरभ गौतम, शुभम गौतम,भगत राम गौतम, प्रकाश चंद,अमर देव ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने बताया कि कई बार निरीक्षण की मांग करने के बावजूद अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया। ग्रामीणों और युवा क्लब के सदस्यों ने प्रशासन से सड़क की तुरंत मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन और धरना देने को विवश होंगे।

उधर, लोक निर्माण विभाग दाड़लाघाट के एसडीओ बीआर कश्यप का कहना है कि सड़क पर पड़े गड्ढों को समय-समय पर लेबर द्वारा ठीक करवाया जा रहा है।

Leave a Reply

Advertisement