दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा दाड़लाघाट के शिव मंदिर में आयोजित की जा रही श्रीराम कथा के उपलक्ष्य में दाड़लाघाट नगर में संध्या फेरी भजन संकीर्तन एवं शोभायात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्री राम भक्तों ने शोभायात्रा निकाल कर स्थानीय लोगों को कथा में आने का निमंत्रण दिया। संध्या फेरी स्यार गांव के निवासी कमलकांत चंदेल के आवास से पूजा अर्चना करने के बाद कथा स्थल तक पहुंची। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने बहुत सुंदर भजनों का गायन भी किया। संस्थान के शिमला आश्रम की प्रमुख साध्वी गार्गी भारती ने बताया कि दाड़लाघाट के पुराने बस अड्डे के समीप बने शिव मंदिर में आगामी 18 से 24 नवंबर तक श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है जिसमें सर्वश्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी राधिका भारती श्री रामचंद्र जी की कथा का वाचन करेंगी। कथा प्रवचन प्रतिदिन दोपहर बाद 2:00 बजे से लेकर सांय 5:00 बजे तक चलेगा। इस संध्या फेरी कार्यक्रम में कीर्तन मंडली अर्की तथा कीर्तन मंडली दाड़लाघाट की महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर साध्वी गुरु गीता भारती, श्वेता भारती तथा गीता देवी, लता देवी, सरस्वती देवी तथा अवमिंदर कुमार एवं राजकुमार विशेष तौर पर उपस्थित रहे।






