कुनिहार
द एसवीएन स्कूल बडोर घाटी की कक्षा दसवीं की छात्रा रिज़ुल पाल एवं सोलन बॉयज स्कूल के छात्र गौरव राणा ने शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित प्रतिष्ठित प्रेरणा कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हासिल किया है। यह उपलब्धि जिला सोलन और विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
हिमाचल प्रदेश का करेंगी प्रतिनिधित्व

विद्यालय की अध्यापिका लालिमा जोशी के नेतृत्व में रिज़ुल पाल व गौरव राणा अब गुजरात के साबरमती स्थित वार्ड नगर के जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कड़ी चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों ने लगातार मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन के दम पर इस उपलब्धि को हासिल किया। प्रेरणा कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व, नवाचार, आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने की शिक्षा मंत्रालय की एक विशिष्ट पहल है।
प्रदेश स्तर पर जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में आयोजित प्रथम चरण में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से सर्वोत्तम प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
विद्यालय अध्यक्ष टी.सी. गर्ग, निदेशक लूपिन गर्ग तथा प्रधानाचार्या समरीन खान ने रिज़ुल पाल की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत से रिज़ुल ने विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक सिद्ध होगी।
शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने भी इस सफलता पर खुशी जताते हुए विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण की सराहना की।
सभी ने आशा व्यक्त की कि रिज़ुल पाल आगे भी इसी प्रकार विद्यालय व प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकाती रहेंगी।





