December 15, 2025 11:24 am

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में मनाया गया वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह

[adsforwp id="60"]

अर्की उपमंडल के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा उपनिदेशक गोपाल सिंह चौहान मुख्य अतिथि रहे, जबकि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रत्तन सिंह पंवर व कैप्टन जगजीत सिंह कंवर (सेवानिवृत्त) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के मंदिर में दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के साथ हुई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। मंच संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल ने किया तथा उनका सहयोग डॉ. अनीता देवी ने दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद व पाठ्य सहगामी गतिविधियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान सुनील कुमार ठाकुर एवं अन्य सदस्यों ने स्टाफ के साथ मिलकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समारोह में मेधावी छात्रों को मेडल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम एकल गीत, नाटी, लोक नृत्य, गिद्धा, डांडिया, पंजाबी नृत्य, बिहू व भरतनाट्यम ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंजलि सहगल का गीत शुकी डाली रे पंछी, मुस्कान का कुंजू चंचलो तथा दिव्यांशु व साथियों का सीता स्वयंवर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि में पूरी निष्ठा से भाग लें, डिजिटल तकनीक का सीमित व सुरक्षित उपयोग करें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने अनुशासन, माता-पिता व गुरुओं के सम्मान तथा मेहनत के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में शिक्षा उपनिदेशक की धर्मपत्नी डॉ. निशा, विद्यालय का पूरा स्टाफ, एसएमसी सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply