February 17, 2026 11:25 am

अंबुजा सीमेंट लिमिटेड की कश्लोग लाइमस्टोन माइन में 35वां खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन

[adsforwp id="60"]

अंबुजा सीमेंट लिमिटेड की कश्लोग लाइमस्टोन माइन के प्रांगण में 35वां खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक पद्धति से खनिज संपदा का संरक्षण करना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय को पर्यावरण, खान एवं सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराना रहा, ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझ सके। कार्यक्रम में राजेंद्र पाठक, थैलेश भोई, बृजेश शर्मा, महेंद्र मारेटिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुरक्षा शपथ के साथ किया गया। इस अवसर पर कश्लोग उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने नशे की समस्या पर आधारित एक लघु नाटिका का प्रभावशाली मंचन किया, जिसमें सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू, ड्रग्स एवं शराब जैसे नशों के दुष्प्रभावों को कार्यस्थल और सार्वजनिक जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के माध्यम से दर्शाया गया। नाटिका के माध्यम से युवाओं और कर्मचारियों से आह्वान किया गया कि व्यक्तिगत इच्छाशक्ति से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सामान्य जीवन जिया जा सकता है। विद्यार्थियों द्वारा खनन से नवीनीकरण की ओर, यही है राष्ट्र निर्माण की डोर विषय पर स्लोगन एवं चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें लगभग 25 विद्यार्थियों ने अपने बनाए चित्रों का प्रदर्शन किया। इसका उद्देश्य खनिज संरक्षण और सतत विकास के महत्व को उजागर करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बृजेश शर्मा, महेंद्र मारेटिया एवं विनय नोगिया ने 35वें खान एवं खनिज संरक्षण सप्ताह की विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं स्वास्थ्य परियोजना कार्यक्रम समन्वयक अजीत कुमार सिंह ने अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट द्वारा संचालित सामाजिक कार्यक्रमों एवं तंबाकू मुक्त अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण, खनिज संरक्षण और सुरक्षित जीवनशैली के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

Leave a Reply

Advertisement