रंगों का पर्व होली दाड़लाघाट और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास व उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले लगाया और आपसी गिले-शिकवे भुलाकर होली की शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही बच्चों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे एक-दूसरे को रंग लगाकर मस्ती करते नजर आए, वहीं बड़े लोग भी टोलियों में एकत्र होकर गुलाल लगाते और त्योहार की खुशियां बांटते दिखे। कई स्थानों पर डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोग झूमते नजर आए। दाड़लाघाट बाजार में भी दुकानदारों व स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली का आनंद लिया। इसके अलावा नवगांव, धुन्दन, दाड़लामोड़, पारनु, कंसवाला, कराड़ाघाट, मांगल, बागा, बैरल, बुघार, चंडी, कश्लोग, मांगू, दानोघाट और पिपलूघाट सहित आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने होली का पर्व धूमधाम से मनाया।





