दाड़लाघाट
सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया। समारोह में अदाणी अंबुजा सीमेंट कंपनी के मुख्य प्रबंधक संदीप शेर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं समाजसेवी सरताज सिंह राठौर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिक्षा समिति के प्रांत अधिकारी मस्त राम शर्मा मुख्य वक्ता रहे। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज से ही विकसित समाज का निर्माण संभव है। शिक्षा जब संस्कारों के साथ जुड़ती है, तभी बच्चे आदर्श नागरिक बनते हैं। इस दिशा में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं समाजसेवी सरताज सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि संस्कारों के साथ व्यक्तित्व निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा संस्कारों से जुड़ती है, तभी विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य गीता राम ठाकुर ने विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर, मस्त राम शर्मा, नरेश अवस्थी, हरीश, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रेखा राठौर, भारती अवस्थी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा जिला एवं जोनल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। जिला स्तरीय विज्ञान मेले में भाग लेने वाले ध्रुव, राहु तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रोहित, सुहानी, सिमरन, गुंजन, दिव्या, कंचन को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पहली से जमा दो तक के मेधावी विद्यार्थियों में हार्दिक, आरवी, विराज, हर्ष, हर्षित, नितिन, भूमिका एवं आदर्श को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर अंबुजा फाउंडेशन के क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक संजय शर्मा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बुघार रेखा राठौर, बाघल लैंड लूजर परिवहन सभा के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, उपाध्यक्ष ऋषि राज गांधी, मनोज गौतम, रत्न चंदेल, भारती अवस्थी, अनिल, पदम देव चंदेल, राम, जय देव, देव राज, निशा, लज्या सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







